Jharkhand: जमशेदपुर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब डिमना लेक के धर्मबांध पुलिया के नीचे से 19 वर्षीय महिला सोनिया उर्फ सोनी सिंह सरदार उर्फ चिंगड़ी का शव बरामद हुआ। पुलिस ने हत्या के आरोप में उसके पति जयराम मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है।
तितली के टैटू से हुई शव की पहचान
सोमवार को मिले महिला के शव की पहचान मृतका की मां ने पीठ पर बने तितली के टैटू के आधार पर की। बहन रोमानी सिंह सरदार ने पुलिस को बताया कि सोनी की हत्या उसके पति जयराम ने की है। जांच में सामने आया कि जयराम ने पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।
प्रेम विवाह से शुरू हुआ रिश्ता, 6 महीने में टूटा भरोसा
करीब एक साल पहले सोनी ने जयराम से प्रेम विवाह किया था। लेकिन शादी के 6 महीने बाद ही दोनों के बीच रिश्तों में खटास आ गई। सोनी ने पति को छोड़ दिया और न्यू उलीडीह में अपनी सहेली के साथ रहने लगी। इसी दौरान उसकी दोस्ती विजय नामक युवक से हो गई। यह बात जयराम को नागवार गुजरी।
रविवार रात को रची खौफनाक साजिश
पुलिस के अनुसार, रविवार रात जयराम ने सोनी को एक युवक के साथ देखा। उसने बहला-फुसलाकर सोनी को अपने घर बुलाया। वहां खाना खाने के बाद सोनी और उसका दोस्त रुक गए। रात के समय जयराम ने सोनी के हाथ-पैर और मुंह कपड़े से बांध दिए और धारदार हथियार से गला रेतकर उसकी हत्या कर दी।
साइकिल से शव ढोकर डिमना नाले में फेंका
हत्या के बाद आरोपी ने शव को प्लास्टिक के बोरे में बंद किया और साइकिल से ले जाकर डिमना डैम के पास नाले में फेंक दिया। मंगलवार को पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार भी बरामद कर लिया।
पुलिस को दो और लोगों पर शक
एमजीएम थाना प्रभारी ने बताया कि इस हत्या में दो और लोगों की संलिप्तता की आशंका है। उनकी पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।












