रांची: झारखंड की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बुधवार को इटकी और मांडर प्रखंड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में दुखद घटनाओं में अपनों को खो चुके परिवारों से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सरकारी मदद का आश्वासन दिया।
इटकी में बच्चों की मौत पर मंत्री ने जताया शोक
मंत्री सबसे पहले इटकी प्रखंड के हरमू गांव पहुंचीं। यहां सूरज मुंडा के पुत्र अमित मुंडा और पुत्री प्रीति मुंडा की मौत इलाज के अभाव में हो गई थी। मंत्री ने पीड़ित परिवार से घटना की पूरी जानकारी ली और गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ग्रामीणों को जागरूक होने की आवश्यकता है।
उन्होंने ग्रामीणों को सलाह दी कि बीमारी की स्थिति में झोला छाप डॉक्टरों के बजाय सरकारी अस्पतालों में इलाज कराएं। मंत्री ने यह भी बताया कि बच्चों की मौत के कारणों की जांच स्वास्थ्य विभाग की टीम कर रही है और गांव में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है।
मांडर में ट्रेन हादसा और वज्रपात पीड़ितों से मुलाकात
इसके बाद मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने मांडर प्रखंड के हरील पाहन टोली का दौरा किया। यहां हाल ही में अल्बर्ट एक्का और कुलदीप बाड़ा की मौत ट्रेन हादसे में हुई थी। मंत्री ने परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया।
मंत्री ने मांडर के गोरखो गांव में वज्रपात से मृतक अंजली कच्छप के परिवार से भी मुलाकात की। इस घटना में एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। मंत्री ने कहा कि मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये का मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
Read More: रूई की आड़ में हो रही थी शराब की तस्करी, दो गिरफ्तार, 23 हजार से ज्यादा बोतलें जब्त
मंत्री के साथ कई स्थानीय नेता भी रहे मौजूद
मंत्री के इस दौरे में कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और पार्टी कार्यकर्ता भी शामिल रहे। इनमें रमेश महली, राजन किस्पोट्टा, आकाश उरांव, फिलिप सहाय एक्का, भानु सिंह, मांगा उरांव, जमील मल्लिक, रशीद अंसारी, तबारक खान, होसे उरांव और बर्नादेत बेक प्रमुख रूप से उपस्थित थे।












