World News: अमेरिका के डेनवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। अमेरिकन एयरलाइंस की मियामी जा रही फ्लाइट को टेकऑफ से ठीक पहले उस समय रोकना पड़ा, जब ‘बोइंग 737 मैक्स 8’ विमान का लैंडिंग गियर फेल हो गया और पिछले हिस्से में आग लग गई।
यह घटना अमेरिकी समयानुसार दोपहर 2:45 बजे (भारतीय समयानुसार रात 2:15 बजे) हुई। विमान में 173 यात्री और 6 क्रू मेंबर्स सवार थे। आग लगने के बाद फ्लाइट को तुरंत रोक दिया गया और यात्रियों को इमरजेंसी स्लाइड के जरिए बाहर निकाला गया।
6 लोग घायल, एक अस्पताल में भर्ती
इस हादसे में कुल 6 लोगों को हल्की चोटें आई हैं, जिनमें से एक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
FAA और एयरलाइंस ने शुरू की जांच
फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और अमेरिकन एयरलाइंस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टेकऑफ से पहले ही तकनीकी खराबी के संकेत मिलने लगे थे, जिसके चलते पायलट ने उड़ान रोकने का निर्णय लिया।
बोइंग विमानों की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
यह घटना ऐसे समय पर हुई है जब बोइंग विमानों की सुरक्षा को लेकर पहले से ही सवाल उठ रहे हैं। इससे पहले 12 जून को अहमदाबाद में एयर इंडिया का ‘बोइंग 787-8’ विमान टेकऑफ के दो मिनट बाद ही क्रैश हो गया था। उस हादसे में 270 लोगों की जान चली गई थी।
बोइंग कंपनी की विमानों से जुड़ी लगातार हो रहीं घटनाएं अब वैश्विक स्तर पर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। FAA की रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों का एयरलाइंस और यात्रियों को बेसब्री से इंतजार है।













