Sports News: भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 अब अपने आखिरी मुकाबले पर आ गई है। 31 जुलाई से लंदन के ओवल मैदान पर सीरीज का 5वां और अंतिम टेस्ट खेला जाएगा। फिलहाल इंग्लैंड को 2-1 की बढ़त हासिल है। भारत यह मैच जीतकर सीरीज 2-2 से बराबर करना चाहेगा, जबकि इंग्लैंड जीत के साथ सीरीज अपने नाम करना चाहेगा।
बुमराह को आराम, आकाश दीप को टीम में जगह
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पीठ की तकलीफ के कारण इस टेस्ट से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह तेज गेंदबाज आकाश दीप को टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम ने यह फैसला बुमराह की फिटनेस को ध्यान में रखते हुए लिया है।
उनकी अनुपस्थिति में मोहम्मद सिराज पेस अटैक की अगुवाई करेंगे। अगर आकाश दीप फिट रहते हैं तो वह भी अंतिम एकादश में शामिल हो सकते हैं। तीसरे तेज गेंदबाज के तौर पर अर्शदीप सिंह के डेब्यू की संभावना है। वे उंगली की चोट से उबर चुके हैं और नेट्स में गेंदबाजी करते नजर आए हैं।
ऋषभ पंत के विकल्प के तौर पर जुरेल को प्राथमिकता
चोटिल ऋषभ पंत सीरीज के आखिरी टेस्ट में भी नहीं खेल पाएंगे। उनके विकल्प के तौर पर एन. जगदीशन को टीम में शामिल किया गया है, लेकिन विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी ध्रुव जुरेल को दिए जाने की संभावना ज्यादा है। टीम प्रबंधन अहम मुकाबले में अनुभवी विकल्प को तरजीह देना चाहता है।
साई सुदर्शन की जगह बदल सकती है
लीड्स टेस्ट में डेब्यू करने वाले साई सुदर्शन ने चार पारियों में सिर्फ 91 रन बनाए हैं और दो बार शून्य पर आउट हुए हैं। अगर उन्हें बाहर किया गया तो उनकी जगह अभिमन्यु ईश्वरन, करुण नायर या एन जगदीशन को मौका मिल सकता है। एक विकल्प यह भी हो सकता है कि वॉशिंगटन सुंदर को नंबर तीन पर भेजा जाए।
read more- Big Breaking: रांची में स्कूल जा रही बच्ची का अपहरण, 2 घंटे में सकुशल बरामद
शार्दूल बनाम कुलदीप – किसे मिलेगा मौका?
शार्दूल ठाकुर को अब तक दो टेस्ट में सिर्फ दो विकेट मिले हैं और उन्होंने 46 रन बनाए हैं। वहीं कुलदीप यादव को अभी तक इस सीरीज में मौका नहीं मिला है। अगर ओवल की पिच फ्लैट रही तो स्पिन विकल्प के तौर पर कुलदीप को प्लेइंग इलेवन में जगह मिल सकती है।
अर्शदीप सिंह का डेब्यू संभव
तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह भी चोट से उबर चुके हैं और उन्हें इस टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिल सकता है। पिछले मैच में डेब्यू करने वाले अंशुल कम्बोज कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए थे, इसलिए टीम अर्शदीप को आज़मा सकती है।
क्या कहती है टीम की स्थिति
सीरीज के आखिरी और अहम मुकाबले में भारतीय टीम के सामने कुछ प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी के चलते चुनौती बढ़ गई है। अब देखना होगा कि कप्तान और कोच किस प्लेइंग इलेवन के साथ उतरते हैं और सीरीज को बराबरी पर लाने की कोशिश करते हैं।
read more- देश में बारिश का कहर! राजस्थान, MP, हिमाचल में रेड अलर्ट– कई जिलों में स्कूल बंद













