Dhanbad: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने धनबाद में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। इस संबंध में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार तथा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर हेमा प्रसाद ने संयुक्त आदेश जारी किया है।
28 ऊंची इमारतों पर रहेंगे सुरक्षाकर्मी
राष्ट्रपति के धनबाद आगमन के दौरान धनबाद एयरपोर्ट के आसपास के क्षेत्र सहित समाहरणालय और अन्य 28 ऊंची इमारतों पर विशेष सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे, जिससे किसी भी संभावित खतरे से निपटा जा सके।
सुरक्षा के लिए 6 सेक्टर बनाए गए
प्रशासन ने राष्ट्रपति के काफिले के पूरे रूट को 6 सुरक्षा सेक्टरों में विभाजित किया है। इन सेक्टरों में निम्न रूट शामिल हैं:
- एयरपोर्ट से प्रभातम मॉल तक
- प्रभातम मॉल से बरटांड बस स्टैंड तक
- बरटांड बस स्टैंड से रणधीर वर्मा चौक
- रणधीर वर्मा चौक से आईआईटी आईएसएम
- आईआईटी आईएसएम से एसएनएमएमसीएच (स्टील गेट)
- स्टील गेट से गोल बिल्डिंग होते हुए मेमको मोड़ तक
प्रत्येक सेक्टर में डीएसपी रैंक के पुलिस अधिकारी और मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
ट्रैफिक और कंट्रोल रूम व्यवस्था
राष्ट्रपति के काफिले के रास्ते में 74 से अधिक बैरिकेडिंग, स्लाइडर, और 7 से अधिक ड्रॉप गेट लगाए जाएंगे। इसके अलावा, क्विक रिस्पांस टीम (QRT) की भी तैनाती होगी।
- कंट्रोल रूम: एक नियंत्रण कक्ष धनबाद एयरपोर्ट और दूसरा आईआईटी आईएसएम में बनाया गया है।
- वैकल्पिक रूट: किसी आपात स्थिति के लिए वैकल्पिक मार्ग भी तैयार किया गया है, जिसमें मजिस्ट्रेट व वरिष्ठ पुलिस पदाधिकारी नियुक्त रहेंगे।
धनबाद में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। आमजन से अपील की गई है कि वे सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करें और अनावश्यक रूप से राष्ट्रपति के रूट में न आएं।












