Bihar News: बिहार के रोहतास जिले में गुरुवार को ज़मीन विवाद ने तब हिंसक मोड़ ले लिया, जब दिनारा थाना क्षेत्र के बेलवैयां गांव में कोर्ट के आदेश पर जमीन पर कब्जा दिलाने पहुंची पुलिस टीम पर करीब 300 लोगों की उग्र भीड़ ने हमला कर दिया.
इस हमले में बिक्रमगंज के SDPO कुमार संजय सहित आठ पुलिसकर्मी घायल हो गए. सूर्यपुरा थाना प्रभारी मनीष कुमार को सिर में गंभीर चोट आई, जिन्हें सिर में आठ टांके लगाने पड़े हैं.
क्या है पूरा मामला?
पुलिस टीम कोर्ट के निर्देश पर पिछले 14 वर्षों से विवादित भूमि पर एक पक्ष को कब्जा दिलाने पहुंची थी. लेकिन दूसरे पक्ष के लोग पहले से बड़ी संख्या में जमा थे. जब बातचीत विफल रही तो ग्रामीणों ने लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और स्थिति बेकाबू हो गई.
थाने पर भी हमला, सरकारी संपत्ति को नुकसान
हमलावरों ने दिनारा थाना परिसर पर भी हमला कर दिया, जहां कुर्सियां, मेज और वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया. पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की गई और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई.
गोलीबारी की खबर, युवक घायल
घटना के दौरान एक युवक अनीश पासवान के गोली लगने की भी सूचना सामने आई है. हालांकि एसपी रौशन कुमार ने गोली चलने की बात से इनकार किया है. घायल युवक को सासाराम सदर अस्पताल से वाराणसी रेफर कर दिया गया है.
100 लोग हिरासत में, इलाके में तनाव
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसपास के थानों से भारी फोर्स तैनात की गई है. पुलिस ने अब तक करीब 100 लोगों को हिरासत में लिया है. इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और फ्लैग मार्च की तैयारी चल रही है.
ग्रामीणों का आरोप: प्रशासन ने किया पक्षपात
हमले के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का आरोप लगाया है. उनका कहना है कि एकतरफा कब्जा दिलाने की कोशिश से विवाद बढ़ा.
एसपी रौशन कुमार ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.













