रांची : झारखंड विधानसभा के 25 और 26 नवंबर को प्रस्तावित विशेष सत्र को लेकर भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार पर निशाना साधा है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि SIR और MMDR के मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाकर राज्य सरकार जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है। पार्टी ने इसे इंडी गठबंधन के राजनीतिक नैरेटिव का हिस्सा बताया है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी की मौजूदगी में भाजपा विधायक दल की बैठक हुई। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने कहा कि SIR और MMDR का विरोध राजनीतिक प्रोपेगेंडा का हिस्सा है। उनके मुताबिक, कांग्रेस और उसके सहयोगी दल देशभर में इस मुद्दे को लेकर एक खास नैरेटिव बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
SIR को लेकर भाजपा ने सरकार पर उठाए सवाल
नवीन जायसवाल ने कहा कि SIR कोई नई प्रक्रिया नहीं है, बल्कि चुनाव आयोग की ओर से कराई जाने वाली संवैधानिक प्रक्रिया है। उन्होंने दावा किया कि इस प्रक्रिया को पूरा कराने में BLO, जिला प्रशासन और राज्य सरकार की एजेंसियों की भूमिका होती है।
उन्होंने सवाल उठाया कि जब झारखंड में SIR की प्रक्रिया राज्य सरकार के अधिकारियों और प्रशासनिक तंत्र की निगरानी में पूरी हो रही है, तो फिर सरकार खुद इसका विरोध क्यों कर रही है? भाजपा नेता ने इसे अपनी ही सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने जैसा बताया।
जायसवाल ने यह भी दावा किया कि झारखंड में SIR की प्रक्रिया 90 प्रतिशत पूरी हो चुकी है और अगले महीने मतदाता सूची जारी होने वाली है। उन्होंने कहा कि यदि किसी गांव में मतदाताओं के नाम गलत तरीके से हटाए गए हैं, तो संबंधित दलों को ऐसे लोगों की सूची चुनाव आयोग, उपायुक्त और BLO को देनी चाहिए, ताकि जांच हो सके।
EVM से जीते विधायक पहले इस्तीफा दें : नवीन जायसवाल
कांग्रेस और विपक्षी दलों की ओर से EVM पर उठाए जाने वाले सवालों को लेकर भी भाजपा ने हमला बोला। नवीन जायसवाल ने कहा कि यदि विपक्षी दल EVM की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हैं, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर पहले इस्तीफा देना चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और झामुमो-कांग्रेस-राजद के विधायकों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मौजूदा सरकार और उसके विधायक भी EVM के जरिए हुए चुनाव में जीतकर सत्ता और विधानसभा तक पहुंचे हैं। ऐसे में EVM का विरोध करने वाले नेताओं को पहले अपनी सदस्यता छोड़नी चाहिए।
MMDR को लेकर भी सरकार पर लगाए आरोप
MMDR के मुद्दे पर नवीन जायसवाल ने कहा कि यह विधेयक पूरे देश के लिए है, केवल झारखंड के लिए नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि झारखंड सरकार सेस और टैक्स लगाकर कोयले की कीमत बढ़ाना चाहती है, जिससे राज्य में कोयले की बिक्री प्रभावित हो सकती है।
भाजपा नेता ने दावा किया कि सरकार कानूनी तरीके से कोयले की बिक्री को बढ़ावा देने के बजाय ऐसी नीतियां अपना रही है, जिससे बिक्री प्रभावित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि MMDR का विरोध करने के पीछे अवैध कोयला कारोबार पर कार्रवाई की आशंका भी एक वजह है।
घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाने की मांग
नवीन जायसवाल ने SIR के विरोध को लेकर झामुमो और कांग्रेस से अपना रुख स्पष्ट करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर गलत नैरेटिव बना रही है।
उन्होंने कहा कि यदि किसी को लगता है कि मतदाता सूची से वैध मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं, तो प्रमाण के साथ शिकायत करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कथित अवैध विदेशी मतदाताओं के नाम हटाने और ऐसे लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
भाजपा की विधायक दल की बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, नवीन जायसवाल, सीपी सिंह, डॉ. नीरा यादव, राज सिन्हा, नागेंद्र महतो, शशिभूषण मेहता, आलोक चौरसिया, रोशनलाल चौधरी, अमित यादव, कुमार उज्ज्वल और मंजू कुमारी सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







