Ranchi News: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और झामुमो के संस्थापक दिशोम गुरु शिबू सोरेन का पार्थिव शरीर सोमवार रात रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पहुंचेगा. सूत्रों के मुताबिक, पार्थिव शरीर रात 7 बजे तक रांची पहुंचने की संभावना है.
राज्यसभा में श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद उनका पार्थिव शरीर विशेष विमान से दिल्ली से रांची लाया जा रहा है. एयरपोर्ट पर झामुमो के 5000 से अधिक कार्यकर्ता और शुभचिंतक अंतिम दर्शन के लिए मौजूद हैं. भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतज़ाम किए गए हैं.
एयरपोर्ट से मोराबादी स्थित आवास तक अंतिम यात्रा
एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि देने के बाद पार्थिव शरीर को मोराबादी स्थित निजी आवास ले जाया जाएगा, जहाँ रात भर रखा जाएगा. झारखंड सरकार ने इस दौरान पूरे राजकीय सम्मान की तैयारी की है.
कल अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि कार्यक्रम
- 5 अगस्त की सुबह, शिबू सोरेन जी के पार्थिव शरीर को आमजन और नेताओं के अंतिम दर्शन हेतु राजभवन परिसर में रखा जाएगा.
- इसके बाद पार्थिव शरीर को झामुमो पार्टी कार्यालय ले जाया जाएगा, जहाँ शोक सभा का आयोजन किया जाएगा.
read more- दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन से देशभर में शोक की लहर, नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
नेमरा में होगा अंतिम संस्कार
शोकसभा के बाद, दिशोम गुरु का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव नेमरा (रामगढ़ जिला) ले जाया जाएगा. वहीं, पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा.
जनता की भावनाओं से भरा माहौल
झारखंड में चारों ओर शोक की लहर है. मोराबादी से लेकर बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. हर आंख नम है, हर दिल भावुक. झारखंड के राजनीतिक इतिहास के इस महानायक को अंतिम विदाई देने पूरा राज्य तैयार है.












