Dhanbad: अगर आप धनबाद शहर में अपनी बाइक या कार सड़क किनारे पार्क कर देते हैं, तो अब सतर्क हो जाइए। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ धनबाद ट्रैफिक पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। नो पार्किंग जोन में गाड़ी खड़ी करने पर जुर्माना और वाहन जब्ती की कार्रवाई की जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर भर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को ट्रैफिक पुलिस ने प्रभातम मॉल, बिग बाजार मॉल, सिटी सेंटर, बैंक मोड़ और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर कार्रवाई की।
अभियान के दौरान दर्जनों दोपहिया और चारपहिया वाहनों को व्हील लॉक किया गया और कई वाहनों को जब्त कर जुर्माना भी वसूला गया। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि यह अभियान आने वाले दिनों में भी लगातार जारी रहेगा।
ट्रैफिक डीएसपी अरविंद कुमार सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और केवल निर्धारित पार्किंग जोन में ही अपने वाहन खड़े करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नो पार्किंग जोन में गाड़ी पार्क करने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसके साथ ही, ट्रैफिक पुलिस ने शहर के मॉल संचालकों और दुकानदारों से भी अनुरोध किया है कि वे अपने प्रतिष्ठानों के सामने सड़क पर वाहन खड़ा न होने दें। यदि कोई दुकानदार जानबूझकर ग्राहक को सड़क पर वाहन पार्क करने की इजाजत देता है, तो उसके खिलाफ भी विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








