Dhanbad: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) के तत्वावधान और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (डालसा) के निर्देशन में गुरुवार को मंडल कारा धनबाद में विशेष आधार कार्ड शिविर आयोजित किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डालसा वीरेंद्र कुमार तिवारी के निर्देश पर आयोजित इस शिविर में कुल 50 बंदियों का आधार कार्ड सफलतापूर्वक बनाया गया।
डालसा सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि कई बंदी ऐसे थे जिनकी जमानत हो चुकी थी, लेकिन आधार कार्ड न होने के कारण वे रिहा नहीं हो पा रहे थे। अब आधार कार्ड बनने से उनकी रिहाई न्यायालय के आदेशानुसार जल्द संभव हो सकेगी।
शिविर के संचालन में सेंटर मैनेजर प्रदीप एकघरा और जेल प्रशासन का विशेष सहयोग रहा। मौके पर मंडल कारा सहायक एम.के. गुप्ता, डालसा सहायक अरुण कुमार, सौरभ सरकार, राजेश सिंह और विशाल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे और महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।













