लापुंग/ककरिया: लापुंग प्रखंड के ककरिया एस एस+2 हाई स्कूल में छात्रों ने अंग्रेजी शिक्षिका संचिता टोपनो पर गंभीर आरोप लगाए हैं। दर्जनों छात्र-छात्राओं ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर कहा है कि शिक्षिका उन्हें शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती हैं।
छात्रों का आरोप:
बेवजह मारपीट और गाली-गलौज
परीक्षा में कम नंबर देने और स्कूल से निकालने की धमकी
सांस्कृतिक कार्यक्रम जबरन बंद कराना
करम पूजा के दिन मेंहदी व बिंदी लगाने पर छात्राओं को घर भेजना
छात्रों का कहना है कि शिक्षिका का रवैया असहनीय हो चुका है और यदि उन पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे मजबूरन स्कूल छोड़ देंगे।
अभिभावक व ग्रामीण भी नाराज़
मामले की जानकारी मिलने पर अभिभावकों और प्रबंध समिति ने विद्यालय में बैठक कर शिक्षिका को तत्काल हटाने की मांग की। बैठक में कृष्ण नायक, बलिराम, दुर्गा महतो, रानीक तिर्की, पालो मुंडा, दिलमोहन जैसवाल, संजय साहू, महादेव लोहरा, रांथू मुंडा और जोसेफ उरांव समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद रहे।













