Chaibasa: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में एक घर के बंद कमरे की जमीन के नीचे महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पांड्रासाली ओपी क्षेत्र के तुंगी गांव में 40 वर्षीय गुरुवारी हांसदा पिछले चार दिनों से लापता थीं। घर की दीवारों पर खून के निशान और महिला के बारे में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर बेटी को शक हुआ। पुलिस ने कमरे की जमीन खोदी तो महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मामले में पति राम हांसदा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
चार दिनों से लापता थी महिला
जानकारी के अनुसार, गुरुवारी के गांव में दिखाई नहीं देने पर पड़ोसियों ने उनकी शादीशुदा बेटी नागीश्री गागराई को सूचना दी। बेटी मायके पहुंची तो घर की दीवारों पर कई जगह खून के निशान दिखाई दिए। मां के बारे में पूछने पर पिता कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। बेटी ने बंद कमरे की चाबी मांगी, लेकिन पिता ने देने से इनकार कर दिया।
इसके बाद नागीश्री ने ग्रामीण मुंडा को जानकारी दी। ग्रामीण मुंडा की सूचना पर पांड्रासाली ओपी की पुलिस गांव पहुंची। बाद में राम हांसदा ने कमरे की चाबी पुलिस को दी।
जमीन खोदने पर मिला शव
पुलिस ने बंद कमरे की तलाशी ली तो फर्श पर गड्ढा खोदे जाने के निशान मिले। जमीन की खुदाई करने पर अंदर महिला का सड़ा-गला शव मिला। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया।
Read More- दिल्ली के स्कूल में कोडरमा की छात्रा की संदिग्ध मौत, जांच में जुटी पुलिस
महिला की हत्या कर शव घर में दफनाने का आरोप उसके पति पर लगा है। हालांकि, मौत की वजह और घटना की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
घरेलू विवाद की बात आई सामने
मृतका की बेटी ने आरोप लगाया कि उसकी मां मजदूरी कर परिवार चलाती थी, जबकि पिता नियमित रूप से काम नहीं करते थे। घरेलू खर्च और खानपान को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। बेटी ने पिता पर मां के साथ मारपीट करने का भी आरोप लगाया है।
Read More- दो बच्चों की मां 13 साल छोटे युवक के प्यार मेें पागल-पति ने खुद करा दी शादी
गुरुवारी की सभी बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि उनका बेटा रोजगार के सिलसिले में चेन्नई में रहता है। फिलहाल पुलिस राम हांसदा से पूछताछ कर रही है। मामले में आगे की जानकारी जांच के बाद सामने आएगी।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








