Jharkhand News: कोडरमा जिले में GST चोरी को रोकने के लिए जीएसटी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए रविवार सुबह एक बड़ा ऑपरेशन चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर सुबह 4 बजे जेजे कॉलेज के पास से बिना वैध कागजात के स्क्रैप लदे चार ट्रकों को जब्त किया गया। ये सभी ट्रक बिहार से बरही की ओर जा रहे थे।
जांच में नहीं मिले आवश्यक कागजात
जांच के दौरान ट्रकों के चालकों या व्यवसायियों के पास कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया। पूछताछ के बाद तीन ट्रक मालिकों ने विभाग के समक्ष अपना पक्ष रखा। हर एक पर लगभग ₹1.5 लाख का जुर्माना लगाया गया, जिसके बाद ट्रकों को छोड़ा गया। चौथे ट्रक की जांच अभी भी चल रही है और उस पर आगे की कार्रवाई जारी है।
स्क्रैप ट्रांसपोर्ट में हो रही थी भारी कर चोरी
सूत्रों के अनुसार, स्क्रैप परिवहन का यह अवैध कारोबार कोडरमा जिले में लंबे समय से चल रहा है, जिससे सरकार को भारी राजस्व का नुकसान हो रहा है। अधिकारियों का कहना है कि इस खेल में एक संगठित गिरोह शामिल हो सकता है।
विभागीय सख्ती से मचा हड़कंप
GST विभाग ने बताया कि कई बार पैरवी और दबाव के बावजूद इस बार कड़ा एक्शन लिया गया। फील्ड में सख्त निगरानी और जांच अभियान के तहत तीन गाड़ियों पर जुर्माना वसूला गया, जबकि एक ट्रक अभी भी विभाग की हिरासत में है। इस कार्रवाई से स्थानीय व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
अभियान आगे भी जारी रहेगा
जीएसटी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि राजस्व चोरी पर रोक लगाने के लिए ऐसे अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। विभाग का लक्ष्य सिस्टम को पारदर्शी बनाना और कानून का सख्ती से पालन कराना है।













