Ranchi: झारखंड में भारतीय जनता पार्टी की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरे को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 और 25 अक्टूबर को होने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा के लिए शुक्रवार को रांची स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय में पदाधिकारियों की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने की।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत, उनके विभिन्न कार्यक्रमों और प्रदेश कार्यसमिति की बैठक की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए अलग-अलग पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
बैठक के बाद प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा ने प्रेस वार्ता में कहा कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष के झारखंड आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। संगठन के सभी स्तरों पर कार्यकर्ता स्वागत और बैठक की तैयारियों में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास और कार्यसमिति की बैठक को भव्य एवं व्यवस्थित बनाना पार्टी का लक्ष्य है।
मिश्रा के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान होने वाली बैठकों और अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई है। जिम्मेदारी संभाल रहे पदाधिकारियों को उनके दायित्वों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई है।
वरिष्ठ पदाधिकारियों ने की बैठक में शिरकत
बैठक में राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र सिंह पटेल, प्रदेश सह-प्रभारी निवेदिता सिंह, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी एवं मनोज सिंह समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्षों, मंत्रियों, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्षों और मीडिया एवं सोशल मीडिया विभाग के पदाधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
रांची में होने वाली इस कार्यसमिति बैठक को प्रदेश संगठन की महत्वपूर्ण गतिविधि के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, बैठक के एजेंडे और उसमें लिए जाने वाले निर्णयों का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









