Dhanbad News: लोयाबाद में एक बार फिर डीवीसी की सप्लाई लाइन में बड़ा फॉल्ट होने से लोयाबाद,पुटकी, बांसजोड़ा और आसपास के इलाकों की करीब दो लाख से अधिक आबादी अंधेरे में डूब गई। दुर्गोत्स्व के समय अचानक बिजली संकट ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है।
सूत्रों के मुताबिक,पुटकी से बांसजोड़ा सब स्टेशन के बीच 33 हजार वोल्ट की लाइन में आठ जगहों पर जम्फर उड़ गए,जिसके कारण पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति ठप हो गई।सुबह से ही बिजली गुल है और देर शाम तक बहाल नहीं हो पाई थी।इससे घरों के साथ-साथ बाजार,व्यवसाय और पूजा समितियों की तैयारियां भी बाधित हो गईं।लोगों का कहना है कि हर त्योहार और खास मौके पर बिजली संकट गहराता जा रहा है।लगातार फॉल्ट और मरम्मती में देरी से क्षेत्रवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।लोयाबाद चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष रजकुमार महतो और सचिव सुनील पांडे ने कहा कि अब हालात बेकाबू होते जा रहे हैं।
लगातार बार-बार फॉल्ट हो रहा है। व्यापारियों और आम लोगों का धैर्य जवाब दे रहा है।अगर बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो हमें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि दुर्गा पूजा जैसे बड़े पर्व पर भी बिजली संकट का समाधान नहीं होना बिजली विभाग की बड़ी लापरवाही को दर्शाता है।पूजा कमिटियों ने भी चिंता जताई है कि अंधेरे और बिजली कटौती से त्योहारों की रौनक फीकी पड़ सकती है। लोगों ने प्रशासन और बिजली विभाग से तुरंत ठोस कार्रवाई कर स्थायी समाधान की मांग की है।













