Dhanbad:मंगलवार सुबह धनबाद जिले के तेतुलमारी थाना क्षेत्र के राजगंज स्थित तिलाटांड़ पहाड़ी में पुलिस और प्रिंस खान गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में गिरोह का सक्रिय सदस्य भानु मांझी पुलिस की गोली से घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगी है और उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रिंस खान गिरोह के सदस्य राजगंज क्षेत्र में किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसपी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक विशेष पुलिस टीम गठित कर राजगंज तिलाटांड़ पहाड़ी भेजी।
पुलिस की टीम जैसे ही इलाके में पहुंची, अपराधियों ने पुलिस वाहन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। दोनों ओर से चली गोलियों के बीच अपराधी भानु मांझी को गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा।
मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसएसपी प्रभात कुमार स्वयं दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू करवाया। घटनास्थल से पुलिस ने मोटरसाइकिल, पिस्टल, खून से सनी चप्पल और कई कारतूस बरामद किए हैं।
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शक्ति चौक और धावाचीता इलाकों में बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोक दी है। पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और ग्रामीण एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं।












