Ranchi: संविधान दिवस के अवसर पर 26 नवंबर को झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी राज्यस्तरीय ‘संविधान रक्षक रैली’ निकालेगी। रैली की तैयारियों को लेकर रविवार को रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के झारखंड प्रभारी के. राजू और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने संयुक्त रूप से की।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 26 नवंबर को रैली डॉ. भीमराव अंबेडकर चौक से शुरू होगी। यहां से मार्च करते हुए कार्यकर्ता बिरसा चौक पहुंचेंगे। रैली का समापन धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा के समक्ष होगा।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस के सभी फ्रंटल संगठनों और विभागों के अध्यक्षों को कार्यक्रम की जिम्मेदारी सौंपी गई। उन्हें जिला, विधानसभा और प्रखंड स्तर पर पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देगी कांग्रेस
बैठक को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी के. राजू ने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था और संविधान के सामने गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर संवैधानिक संस्थाओं और संविधान की मूल भावना के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक मूल्यों और नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष कर रही है। इसी उद्देश्य से देशभर में संविधान रक्षक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। झारखंड में होने वाली रैली के माध्यम से आम लोगों तक यह संदेश पहुंचाया जाएगा।
बैठक में सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, सतीश पॉल मुंजनी, दयामणि बरला, युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव, महिला कांग्रेस अध्यक्ष राम खलखो और एनएसयूआई अध्यक्ष विनय उरांव समेत विभिन्न विभागों एवं संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
कांग्रेस की इस रैली को संविधान दिवस के मौके पर पार्टी के राजनीतिक अभियान के रूप में भी देखा जा रहा है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







