Ranchi: झारखंड में 26 नवंबर 2026 को संविधान गौरव दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश के सभी संगठनात्मक जिलों में संगोष्ठी आयोजित करेगी। इसकी जानकारी भाजपा प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी ने प्रदेश कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दी।
अमर बाउरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को केंद्र में रखते हुए संविधान गौरव दिवस की घोषणा की थी। उन्होंने कहा कि संविधान देश की एकता, लोकतंत्र और नागरिकों के अधिकारों का आधार है। पहले बाबा साहेब को मुख्य रूप से उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर याद किया जाता था, लेकिन अब संविधान गौरव दिवस के माध्यम से भी उनके विचारों को सम्मान दिया जा रहा है।
भाजपा नेता ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने संविधान लागू होने के बाद से कई बार उसमें संशोधन किया और 1975 में अपनी सत्ता बचाने के लिए भी संविधान में बदलाव किए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संविधान की गरिमा और उसके संरक्षण के लिए काम कर रहे हैं।
कांग्रेस पर लगाए राजनीतिक आरोप
अमर बाउरी ने कांग्रेस पर बाबा साहेब के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को बाबा साहेब के साथ किए गए कथित व्यवहार के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने देश के विभाजन के लिए भी कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति को जिम्मेदार ठहराया।
एसआईआर के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनावी संस्थाओं को कटघरे में खड़ा कर रही है। उनके मुताबिक, एसआईआर की प्रक्रिया पहले भी कई बार हो चुकी है और कांग्रेस के शासनकाल में भी इसका संचालन हुआ है।
राज्य सरकार पर भी साधा निशाना
भाजपा महामंत्री ने झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में पत्रकारों पर अंकुश लगाने की कोशिश हो रही है, छात्र सड़कों पर हैं और महिलाओं के खिलाफ अत्याचार की घटनाएं चिंता का विषय हैं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस ने संविधान गौरव दिवस के विशेष सत्र और जनजातीय गौरव दिवस की चर्चा का बहिष्कार किया।
संवाददाता सम्मेलन में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, राफिया नाज और प्रदेश प्रवक्ता समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









