Ranchi: झारखंड के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार, 15 नवंबर को राज्यभर में स्वच्छता का संदेश देने के लिए ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ का आयोजन किया गया। रांची समेत सभी 24 जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने और इसे जन-आंदोलन बनाने का प्रयास किया गया।
राजधानी रांची में दौड़ की शुरुआत मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका से हुई। यहां से प्रतिभागियों ने अल्बर्ट एक्का चौक तक दौड़ लगाई। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, योगेंद्र प्रसाद, राज्यसभा सांसद महुआ माजी और रांची विधायक सीपी सिंह ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया।
इस मौके पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या किसी विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है। लोगों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की गई।
चडरी तालाब घाट पर मंत्रियों ने किया श्रमदान
दौड़ के साथ ही चडरी तालाब स्थित छठ घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इसमें मंत्रियों और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने खुद हिस्सा लेकर श्रमदान किया। उन्होंने जलस्रोतों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने की अपील की। साथ ही कहा कि तालाब और जलस्रोत प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है।
पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को मिला पुरस्कार
दौड़ के समापन पर दोनों वर्गों के विजेताओं को सम्मानित किया गया। पुरुष वर्ग में कुंदन महतो प्रथम, विवेकानंद द्वितीय और विमल उरांव तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में पूजा सिंह ने पहला, ममता कुमारी ने दूसरा और सावित्री कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया।
राज्य के सभी 24 जिलों में एक साथ आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी का संदेश दिया गया।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









