Dhanbad: सोमवार की रात गया जिले के बैरागी हिल क्षेत्र में पत्नी की गोली मारकर हत्या करने के बाद फरार आरोपी को धनबाद रेलवे स्टेशन पर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान श्याम कुमार, पिता सत्येंद्र कुमार, निवासी सीढ़, थाना अतरी, जिला गया के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने घटना के बाद गया से भागने के लिए ट्रेन संख्या 13546 गया–आसनसोल पैसेंजर पकड़ी थी। तकनीकी निगरानी के आधार पर मिली सूचना के बाद रेसुब पोस्ट धनबाद, CIB/DHN, राजकीय रेल थाना धनबाद और धनबाद पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए स्टेशन पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
सुबह करीब 11:30 बजे जब ट्रेन प्लेटफार्म संख्या 01 पर पहुंची, तो पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को पहचान कर प्लेटफार्म पर स्थित अमूल स्टॉल के पास से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम श्याम कुमार बताया। बाद में गया पुलिस की तकनीकी शाखा के अधिकारी अजय कुमार धनबाद पहुंचे और आरोपी को अपने साथ ले गए।
धनबाद पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित कार्रवाई की सभी स्तरों पर सराहना की जा रही है।













