Koderma: कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के मरचोई में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और अन्य सामान चोरी कर लिए। घटना का पता शुक्रवार सुबह चला, जब गृहस्वामी के चचेरे भाई ने घर का ताला टूटा और अंदर सामान बिखरा देखा।
पत्नी और बच्चों के साथ महाराष्ट्र के नागपुर में रहता है परिवार
जानकारी के अनुसार, कुणाल सिंह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ महाराष्ट्र के नागपुर में रहते हैं। उनका पैतृक घर मरचोई में है, जहां वे हर चार से छह महीने में आते-जाते हैं। इस बार वे 6 सितंबर को नागपुर लौट गए थे। इसके बाद से घर करीब डेढ़ महीने से बंद था।
कुणाल सिंह के मुताबिक, चोर उनकी पत्नी और बच्चे के सोने-चांदी के जेवरात ले गए। चोरी गए सामान में सोने की चेन, कान की बालियां, कंगन और चांदी के पायल शामिल हैं। गृहस्वामी फिलहाल नागपुर में हैं।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलने पर सतगावां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस के अनुसार, आशंका है कि चोर घर की बाहरी दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए। हालांकि, चोरी किस समय हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। बंद घरों की सुरक्षा को लेकर स्थानीय लोग आशंकित हैं। पुलिस ने मामले का खुलासा करने और चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए जांच तेज कर दी है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









