Jharkhand News: चक्रवातीय तूफान ‘मोंथा’ अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसके असर से झारखंड के मौसम में उतार-चढ़ाव जारी है। राजधानी रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में गुरुवार को रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, शुक्रवार को भी रांची और आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि मोंथा तूफान अब कमजोर हो रहा है और पिछले 24 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई है। शुक्रवार को रांची में दिन के दौरान एक या दो बार हल्की बारिश हो सकती है और आसमान में बादल छाए रहेंगे।
शनिवार को भारी बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार, मोंथा तूफान वर्तमान में विदर्भ के पूर्वी हिस्से और छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय है। अगले 24 घंटों में यह उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर होगा और छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से तक पहुंचेगा। इसके प्रभाव से झारखंड से सटे जिलों में हल्की बारिश जारी रहेगी, जबकि संताल और कोल्हान क्षेत्र में शनिवार को कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटे का बारिश का रिकॉर्ड
पश्चिम सिंहभूम में सबसे अधिक 75 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि रांची में 12.2 मिमी वर्षा हुई। गुरुवार को दिन के दौरान हल्की धूप निकलने से रांची का अधिकतम तापमान 26.1°C रिकॉर्ड किया गया, जो पिछले 24 घंटे की तुलना में 1.4°C अधिक रहा।
मौसम विभाग ने राज्यवासियों को सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है, खासकर उन जिलों में जहाँ भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।












