Gumla: जिले के सदर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक दुर्घटना फोरी और पसंगा गांव के बीच हुई। मृतकों की पहचान बसुआ निवासी रमेश उरांव और पसंगा निवासी संतोष गोप के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, रमेश उरांव अपनी बाइक पर कार्तिक उरांव और खेतो उरांव के साथ बसुआ गांव लौट रहे थे। रास्ते में उनका मोबाइल गिर गया था, जिसे लेने वे वापस जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक अन्य बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। दूसरी बाइक पर पसंगा निवासी संतोष गोप, जोरू उरांव और कुम्भाटोली निवासी रोपना पन्ना सवार थे।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में रमेश उरांव और संतोष गोप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार्तिक उरांव, खेतो उरांव, जोरू उरांव और रोपना पन्ना गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को गुमला सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर स्पीड कंट्रोल और साइन बोर्ड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
गुमला सदर थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।












