Koderma : बिहार विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, भयमुक्त, निष्पक्ष एवं पारदर्शी रूप से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से झारखण्ड-बिहार सीमा पर अवस्थित मेघातरी मिरर चेक पोस्ट पर सघन वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में शराब लदी ट्रक के साथ चालक को हिरासत में लिया है।
कुल 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब बरामद
बिहार विधानसभा चुनाव का प्रचार खत्म होने के पश्चात् एसपी अनुदीप सिंह द्वारा उक्त चेक पोस्ट पर अत्यधिक सतर्कता बरतते हुए सख्ती से वाहन चेकिंग का निदेश दिया गया था। इसी क्रम में सोमवार को एसपी सिंह को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि एक ट्रक पर भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लोड कर मेघातरी चेक पोस्ट से होकर बिहार सीमा में प्रवेश करने वाला है।
ऐसी सूचना के आलोक में आवश्यक कार्रवाई के लिए एसपी द्वारा मेघातरी चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं बलों को पूरी सर्तकता एवं सख्ती से सभी वाहनों को चेक करने का निदेश दिया गया। इसी बीच चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध ट्रक पंजीयन संख्या बीआर56जी-4297 को रोका गया, जिसकी जांच एवं तलाशी करने पर कुल 279 पेटी अवैध अंग्रेजी शराब लोड पाया गया।
शराब का अनुमानित मुल्य लगभग 16 लाख पचास हजार रूपये
चेकिंग के दौरान इम्पेरियल ब्लू का 52 पेटी, प्रत्येक पेटी में 375 एमएल का 24 बोतल, रॉयल स्टेज का 98 पेटी प्रत्येक पेटी में 375 एमएल का 24 बोतल, रॉयल चैलेंज का 46 पेटी, प्रत्येक पेटी में 375 एमएल का 24 बोतल, आईकॉनिक व्हाईट का 73 पेटी, प्रत्येक पेटी में 375 एमएल का 24 बोतल कुल अंग्रेजी शराब का अनुमानित मुल्य करीब सोलह लाख पचास हजार रूपये बताया गया।
मौके पर ट्रक चालक शिशु रंजन उर्फ सोनु साकिन मानपूर थाना सारे जिला नालंदा बिहार से पूछताछ के उपरांत संतोषजनक कागजात या लाईसेंस प्रस्तुत करने में असमर्थ रहा। तत्पश्चात पुलिस टीम द्वारा तत्परता दिखाते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार किया गया तथा ट्रक एवं बरामद शराब को जप्त किया गया।
इस संबंध में कोडरमा थाना में अवैध शराब तस्करी से संबंधित सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है तथा इस कांड में अन्य अभियुक्तों की संलिप्तता का पता कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है।
छापामारी दल में मजिस्ट्रेट निरंजन कुमार, कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान, एसआई पटवारी हांसदा, सशस्त्र बल, तिलैया थाना एवं मेघातरी चेक पोस्ट पर प्रतिनियुक्त बल शामिल थे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









