Jharkhand Weather Update: झारखंड में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। सुबह और रात के समय ठिठुरन महसूस हो रही है। गुमला और लातेहार में न्यूनतम तापमान गिरकर 13.7 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम के इस बदलाव का असर पिछले साल की तुलना में करीब 15 दिन पहले दिखने लगा है।
Jharkhand Weather Update: 25 अक्टूबर तक राज्य के कई इलाकों में कुंहासा छाने की आशंका
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 25 अक्टूबर तक राज्य के कई इलाकों में सुबह धुंध और कुहासा छा सकता है। हालांकि, दिन में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है। अगले पांच दिनों के दौरान तापमान में बड़े बदलाव का अनुमान नहीं है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, मानसून की विदाई के बाद आसमान साफ रहने से रात में धरती की गर्मी तेजी से बाहर निकलती है। इससे न्यूनतम तापमान में गिरावट आती है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी का असर भी मौसम पर पड़ रहा है।
Jharkhand Weather Update: 27 से 30 अक्टूबर तक बारिश के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, 27 अक्टूबर को झारखंड के उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 28 से 30 अक्टूबर के बीच रांची समेत कई इलाकों में बादल छाने और हल्की बारिश होने की संभावना है।
मौसम में बदलाव के आसार
बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के कारण मौसम में बदलाव के आसार हैं। बारिश होने पर अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है, जिससे सुबह और शाम की ठंड बढ़ेगी।
सुबह कुहासे के कारण सड़कों पर दृश्यता कम हो सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जरूरत है। आने वाले दिनों में झारखंड के लोगों को ठंड के बढ़ते असर के लिए तैयार रहना होगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








