Jharkhand News: पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के धनबाद मंडल स्थित रेल सुरक्षा बल (रेल सुरक्षा बल पोस्ट धनबाद) की टीम ने ऑपरेशन सतर्क के तहत बड़ी कार्रवाई की है। धनबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 8 पर लिफ्ट के पास गश्ती के दौरान एक व्यक्ति के पास से कुल 86 बोतल विदेशी शराब बरामद की गई।
बरामद शराब की कुल कीमत
रेल सुरक्षा बल की टीम ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की तो उसने स्वीकार किया कि वह धनबाद से बड़हिया शराब लेकर जा रहा है। जब बैग की जांच की गई, तो उसमें 24 बोतल रॉयल स्टैग (375 मिलीलीटर), 18 बोतल सिग्नेचर (375 मिलीलीटर) और 44 बोतल 8 पीएम (180 मिलीलीटर) मिलीं। सभी बोतलों पर “केवल झारखंड में बिक्री हेतु” लिखा पाया गया। बरामद शराब की कुल कीमत लगभग 29 हजार 80 रुपये आंकी गई है।
Read more- धर्मेंद्र के निधन की खबर झूठी, बेटी ईशा देओल ने बताई सच्चाई
शराब से संबंधित कोई वैध कागजात प्रस्तुत न करने पर रेल सुरक्षा बल ने आरोपी पिंटू कुमार (उम्र 25 वर्ष, पिता – कृष्णा सिंह, निवासी – बड़हिया, जिला – लखीसराय, बिहार) को गिरफ्तार कर लिया। जब्त शराब को ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी के सुपुर्द किया गया तथा आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग, धनबाद को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
यह कार्रवाई वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में की गई। गश्ती दल में उप निरीक्षक कुंदन कुमार, सहायक उप निरीक्षक जिबलाल राम, प्रधान आरक्षक बाबूलाल कुमार, प्रधान आरक्षक संजीव कुमार सिंह, आरक्षक प्रमोद कुमार, आरक्षक विवेक कुमार और आरक्षक बिनोद शंकर सिंह शामिल थे।












