Jharkhand News: नवंबर की शुरुआत में अचानक पारा गिरने के बाद अब झारखंड में मौसम सामान्य होने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के न्यूनतम तापमान में लगभग 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बीते दिनों तेज हवाओं के कारण ठंड में अचानक वृद्धि हुई थी, लेकिन अब हवाओं की रफ्तार कम होने से लोगों ने राहत महसूस की है।
फिलहाल झारखंड में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री रहा। हालांकि, रांची के कांके क्षेत्र में न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में हल्की और बढ़ोतरी हो सकती है। रांची का अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री तक पहुंचने की उम्मीद है। राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री रहा।












