Ranchi News: मंगलवार की देर शाम रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब रेलवे क्रॉसिंग राधा कृष्णा मंदिर रोड (स्वर्णरेखा नदी के पास) स्थित एक घर में घुसकर एक युवक ने पिस्तौल से रबर बुलेट दाग दी। गोली दीवार में लगी, जिससे किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मौके से रबर बुलेट को बरामद कर लिया।
कैसे हुई घटना?
जानकारी के अनुसार, घर मालिक रघुनंदन प्रसाद उर्फ रघु प्रसाद अपने कमरे में मौजूद थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक घर पहुंचा और बाहर खड़े बच्चे से पूछा, “रघुनंदन जी कहां हैं?”
बच्चा उसे कमरे तक ले गया। जैसे ही रघु ने कमरे से पूछा-“कौन है?” उसी क्षण आरोपी युवक ने पिस्तौल से रबर बुलेट फायर कर दी।
Read more- BHU कैंपस में देर रात बवाल: छात्रों और सिक्योरिटी में संघर्ष, पुलिस ने किया लाठीचार्ज
फायरिंग के बाद आरोपी फरार
वारदात को अंजाम देने के बाद युवक तेजी से बाहर निकला और कुछ दूरी पैदल चलने के बाद वहां पहले से मौजूद अपने साथी की बाइक पर सवार होकर आरओबी की ओर फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस जुटी जांच में
नामकुम पुलिस ने मौके से रबर बुलेट जब्त कर ली है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावर कौन था, उसका उद्देश्य क्या था और उसने रघु प्रसाद को क्यों निशाना बनाया।
Read more- झारखंड में ठंड ने अचानक रफ्तार पकड़ी, कई जिलों में तापमान 4 डिग्री तक गिरने की संभावना












