Jharkhand Weather News: उत्तर भारत में बर्फबारी और सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ की वजह से झारखंड इन दिनों कड़ाके की ठंड से जूझ रहा है। रांची में ठंडी हवाओं का असर इतना बढ़ गया है कि पारा पिछले 24 घंटों में 2.4 डिग्री लुढ़ककर 8.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई और अधिकतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस रहा।
मेदिनीनगर, बोकारो और आसपास के क्षेत्रों में भी ठंड की मार तेज है। मेदिनीनगर का न्यूनतम तापमान 6.7 डिग्री पर पहुंच गया, जबकि बोकारो में पारा 8.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, गुमला बुधवार को सबसे ठंडा जिला रहा जहां तापमान 5.3 डिग्री तक गिर गया।
Jharkhand Weather News: अगले तीन दिनों बाद पारा 2–3 डिग्री बढ़ सकता है
ग्रामीण इलाकों में कांके ने ठिठुरन की सारी सीमाएं पार करते हुए 4.4 डिग्री सेल्सियस का न्यूनतम तापमान दर्ज किया। सुबह के समय कोहरा और धुंध लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहे हैं, जबकि दिन में साफ आसमान के बावजूद बर्फीली हवाएं राहत नहीं दे रहीं।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों बाद पारा 2–3 डिग्री बढ़ सकता है, लेकिन तब तक राज्य में शीतलहर का असर जारी रहेगा। इस बीच, रात में जरूरतमंदों की मदद के लिए बनाए गए अस्थायी आश्रय गृह लोगों को ठंड से बड़ी राहत दे रहे हैं।












