Jharkhand News: झारखंड में मंईयां सम्मान योजना की किश्त का लंबे समय से इंतजार कर रहीं लाखों महिलाओं के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। सरकार द्वारा भुगतान में देरी के कारण जहां लाभुक महिलाएं परेशान थीं, वहीं अब जल्द ही उनके खाते में लंबित राशि भेजे जाने की तैयारी की जा रही है।
वार्षिक भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय
राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना का वार्षिक भौतिक सत्यापन कराने का निर्णय लिया है। इस संबंध में जिला स्तर से प्रखंड कार्यालयों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं और प्रखंड कार्यालयों द्वारा पंचायत कार्यालयों को भी पत्र भेजा जा चुका है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके।
किश्त भुगतान को लेकर पहले उम्मीद जताई जा रही थी कि नवंबर महीने में राज्य स्थापना दिवस से पहले महिलाओं के खातों में 2500 रुपये भेजे जाएंगे, लेकिन किन्हीं कारणों से ऐसा नहीं हो सका। अब सरकार एक बार फिर महिलाओं को बड़ी राहत देने की तैयारी में है।
Read more- रांची को सुव्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की तैयारी तेज, यातायात व अतिक्रमण पर प्रशासन सख्त
16वीं और 17वीं किश्त एक साथ भेजी जाएगी
मिली जानकारी के अनुसार, सरकार नवंबर और दिसंबर दोनों महीनों की राशि एक साथ जारी करने की योजना बना रही है। यानी लाभुक महिलाओं के खातों में मंईयां सम्मान योजना की 16वीं और 17वीं किश्त एक साथ भेजी जाएगी। इस तरह महिलाओं को कुल 5000 रुपये एकमुश्त मिलने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, क्रिसमस या उससे पहले यानी 25 दिसंबर तक लाभुकों के बैंक खातों में राशि ट्रांसफर की जा सकती है। इसके लिए जिला स्तर पर सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। गौरतलब है कि झारखंड में करीब 51 लाख महिलाएं हर महीने इस योजना का लाभ ले रही हैं। इससे पहले सितंबर की राशि दुर्गा पूजा से पहले और अक्टूबर की किश्त दीपावली व छठ पर्व से पहले जारी की गई थी।
यदि किसी लाभुक महिला के खाते में राशि नहीं आती है, तो सबसे पहले उन्हें अपने बैंक में जाकर यह जांच करनी चाहिए कि उनका खाता आधार से लिंक है या नहीं। कई बार आधार लिंक न होने या ई-केवाईसी (बायोमेट्रिक सत्यापन) पूरा न होने के कारण भुगतान अटक जाता है। इसके अलावा तकनीकी कारणों से भी देरी हो सकती है।
Read more- झारखंड BJP में बड़ी चूक: मृत नेताओं को बनाया मंडल प्रतिनिधि, संगठन में मचा हड़कंप
सरकार द्वारा भौतिक सत्यापन का काम फिर से शुरू किया जा रहा है। जिन लाभुक महिलाओं का आवेदन अभी तक सत्यापित नहीं हुआ है, उन्हें जल्द से जल्द यह प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई है, ताकि किश्त के समय किसी तरह की समस्या न हो।












