Jharkhand News: ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ झारखंड दौरे पर हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रांची स्थित बीएनआर चाणक्य में झारखंड सरकार और ऑस्ट्रेलिया के बीच कृषि, पशुपालन और सहकारिता के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य की कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की अपने विभागीय अधिकारियों के साथ उपस्थित रहीं।
दीर्घकालिक कृषि और पशुपालन योजनाओं पर विस्तृत चर्चा
बैठक के बाद मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने बताया कि ऑस्ट्रेलियाई प्रतिनिधिमंडल के साथ दीर्घकालिक कृषि और पशुपालन योजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि पशुपालन के क्षेत्र में ऑस्ट्रेलिया का वैश्विक अनुभव और तकनीकी दक्षता सराहनीय है। नई तकनीकों के माध्यम से पशुपालन को अधिक लाभकारी बनाने में ऑस्ट्रेलिया ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। झारखंड सरकार चाहती है कि इन आधुनिक तकनीकों का लाभ राज्य के पशुपालकों तक पहुंचे, ताकि उनकी आय में वृद्धि हो सके।
Read more- Jharkhand News: शराब प्रेमियों के लिए खुशखबरी, राज्य में सुबह 4 बजे तक खुलेंगे बार
ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर की टीम ने राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों का किया दौरा
मंत्री ने कहा कि इस दिशा में ऑस्ट्रेलियाई टीम के सदस्य झारखंड के विभागीय अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में रहेंगे। उन्होंने यह भी बताया कि ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर और उनकी टीम ने राज्य के आदिवासी बहुल क्षेत्रों का भी दौरा किया है। आदिवासी समाज के इतिहास, संस्कृति और परंपराओं को जानने में उनकी रुचि झारखंड के लिए एक सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज से जुड़ी चुनौतियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर उठाना राज्य के हित में होगा।
इस अवसर पर हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने कहा कि झारखंड का दौरा उनके लिए उत्साहजनक रहा है। उन्होंने कोयला खनन, कृषि, पशुपालन और आदिवासी समाज से जुड़ी जानकारियां एकत्र की हैं। भविष्य में इन क्षेत्रों में झारखंड सरकार के सहयोग से आगे बढ़ने की संभावना है।












