Jharkhand News: झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी की तबीयत अचानक खराब हो गई है। सोशल मीडिया साइट फेसबुक पर उन्होंने भावुक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि शारीरिक थकान और मानसिक बोझ के बावजूद उनका ध्यान झारखंड की जनता के स्वास्थ्य सुधार पर केंद्रित है। मंत्री का कहना है कि स्वास्थ्य मंत्री बनने के बाद उन्होंने अपने आराम, व्यक्तिगत जीवन और स्वास्थ्य को पीछे रखकर जनता की सेवा को प्राथमिकता दी है।
Jharkhand News: चैन और सुकून झारखंड की चार करोड़ जनता के नाम कर दिया
मंत्री ने लिखा है कि आज उनका शरीर साथ नहीं दे रहा और मन भी कुछ बोझिल है, लेकिन उनके पास ठहरने का विकल्प नहीं है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जब से स्वास्थ्य विभाग की बागडोर संभाली है, उन्होंने अपना चैन और सुकून झारखंड की चार करोड़ जनता के नाम कर दिया है। चाहे वह सुदूर गांव का पीएचसी (PHC) हो या शहर का मेडिकल कॉलेज, उनकी कोशिश केवल इतनी है कि किसी भी गरीब को इलाज के अभाव में दर-दर न भटकना पड़े।
Jharkhand News: स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करना निर्दयी है
डॉ. अंसारी ने उन लोगों पर भी निशाना साधा जो बिना तथ्यों के विभाग को बदनाम करने की कोशिश करते हैं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि “स्वास्थ्य जैसे संवेदनशील मुद्दे पर राजनीति करना निर्दयी है।” अनर्गल आरोपों से आहत मंत्री ने कहा कि इतनी मेहनत के बाद जब केवल दोषारोपण मिलता है, तो मन भीतर तक टूट जाता है।
फिर भी, उन्होंने अपनी फाइलों को बंद नहीं किया। उनका कहना है कि किसी मां की उम्मीद और किसी बीमार की आस उनके आराम से कहीं ज्यादा कीमती है। उन्होंने झारखंड वासियों को भरोसा दिलाया है कि आने वाले समय में राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था देश के लिए एक मिसाल बनेगी।

I have four years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








