Ranchi: झारखंड सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा संचालित Jharbhoomi Portal बीते कई दिनों से तकनीकी खामियों से जूझ रहा है। इस वजह से राज्यभर के लोग अपनी जमीन से जुड़ी जानकारी, खासकर खाता (खतियान) देखने में असमर्थ हैं। पोर्टल पर खाता देखने के लिए आवेदन करने पर काफी देर तक लोडिंग होती रहती है, लेकिन अंत में कोई परिणाम नहीं आता। यही समस्या इस समय सबसे बड़ा मुद्दा बन गई है।
Jharbhoomi Portal का उद्देश्य नागरिकों को घर बैठे भू-नक्शा, भूमि रिकॉर्ड, खेसरा संख्या से जमीन का विवरण, खाता जानकारी, दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) आवेदन, ऑनलाइन राजस्व भुगतान और भू-अभिलेखों का निरीक्षण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराना है। लेकिन सर्वर डाउन और तकनीकी खराबी के कारण ये सभी सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। खासतौर पर खाता नहीं खुलने से लोग अपनी जमीन की वैधता जांच नहीं कर पा रहे हैं, जिससे रजिस्ट्री, बैंक लोन और अन्य जरूरी काम अटक गए हैं।
Read More: रेल प्रशासन ने जारी किया 2026 का अवकाश कैलेंडर
अंचल कार्यालयों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं, लेकिन कर्मचारियों के सामने भी यही दिक्कत है। कंप्यूटर स्क्रीन पर खाता खोजने पर सिर्फ “लोडिंग” दिखाई देता है और फिर पेज खाली रह जाता है। दूर-दराज गांवों से आए लोग दिनभर इंतजार करने के बाद बिना काम के लौटने को मजबूर हैं।
स्थानीय किसानों और जमीन मालिकों का कहना है कि जमीन से जुड़ा हर काम अब ऑनलाइन हो गया है। ऐसे में खाता नहीं दिखना मतलब पूरा सिस्टम ठप हो जाना है। कई लोग तो बार-बार साइबर कैफे जाकर पैसे खर्च कर रहे हैं, लेकिन नतीजा शून्य मिल रहा है।
वकीलों और डीड राइटरों के अनुसार, खाता वेरिफिकेशन नहीं हो पाने से रजिस्ट्री और म्यूटेशन के मामलों में देरी हो रही है, जिससे विवाद और कानूनी पेच बढ़ने की आशंका है।
लोगों की मांग है कि सरकार इस समस्या का जल्द समाधान करे और भविष्य में ऐसी स्थिति से बचने के लिए मजबूत सर्वर और बैकअप सिस्टम तैयार करे, ताकि आम जनता को बार-बार ऐसी परेशानी न झेलनी पड़े।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis








