Jharkhand News: लोहरदगा जिले के कुडू थाना क्षेत्र के उडुमुडू गांव में सरस्वती पूजा के दौरान दो पक्षों में हिंसक झड़प ने माहौल खराब कर दिया। घटना में कई ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस इलाके में कैंप कर रही है।
Jharkhand News: मूर्ति विसर्जन के दौरान हुई कहासुनी
मिली जानकारी के मुताबिक सरस्वती पूजा के समापन पर शनिवार शाम मूर्ति विसर्जन के दौरान जुलूस निकाला गया था। जुलूस के साथ चल रही साउंड सिस्टम लगी गाड़ी का हिस्सा एक ग्रामीण के घर से टच हो गया जिसके बाद कहासुनी होने लगी।
मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने स्थिति को संभालते हुए मामला शांत करा दिया, हालांकि शांति ज्यादा देर टिक नहीं पाई। अगले दिन गांव में फिर तनाव बढ़ा और कुछ लोगों के बीच मारपीट शुरू हो गई।
Jharkhand News: जमकर चले लाठी डंडे और पत्थर
देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे और पत्थरबाजी भी होने लगी। हिंसा के दौरान कई ग्रामीण घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए कुडू सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालात को देखते हुए गांव में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस लगातार कैंप कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन प्रशासन सतर्क बना हुआ है।












