Dhanbad News: धनबाद जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने को लेकर उत्पाद विभाग द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बलियापुर थाना क्षेत्र के पलानी गांव में बड़ी छापेमारी की गई। सहायक आयुक्त उत्पाद के निर्देश पर गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की टीम ने जिला पुलिस बल के सहयोग से यह कार्रवाई की।
उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि पलानी निवासी शिवचरण महतो के घर में अवैध रूप से नकली अंग्रेजी शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे उत्पाद सिपाहियों की टीम ने घर पर दबिश दी। छापेमारी की भनक लगते ही वहां मौजूद लोगों द्वारा शराब हटाने का प्रयास किया गया, जिसके कारण मौके से अपेक्षित मात्रा में शराब बरामद नहीं हो सकी।
तलाशी के दौरान टीम ने घर से करीब 18 से 25 लीटर नकली अंग्रेजी शराब जब्त की। बरामद शराब की अनुमानित कीमत 20 से 25 हजार रुपये बताई जा रही है।मामले की पुष्टि करते हुए उत्पाद अधिकारी जॉय हेंब्रम ने बताया कि छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है और पूछताछ के आधार पर इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि नकली और अवैध शराब का कारोबार न केवल सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बना हुआ है। इसे देखते हुए विभाग द्वारा लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। आने वाले दिनों में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध शराब के धंधे में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












