Dhanbad News: धनबाद में सरायढेला थाना क्षेत्र के डॉक्टर कॉलोनी निवासी सदीक अंसारी के घर मकान खाली करवाने पहुंची पुलिस पर गर्भवती महिला और उसके बच्चे के साथ बर्बर मारपीट व गाली-गलौज करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है।
पीड़िता सहनाज खातून का आरोप
Dhanbad News: पीड़िता सहनाज खातून के अनुसार उनका परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से उक्त स्थान पर रहकर जीवनयापन कर रहा है। बीते कुछ दिनों से उसी परिसर में बीसीसीएल के सहयोग से एक स्कूल संचालित किया जा रहा है। आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल द्वारा गौमांस फेंकने का झूठा आरोप लगाते हुए जगह खाली कराने को लेकर सरायढेला थाना में आवेदन दिया गया था।
Dhanbad News: क्या है मामला?
बताया जाता है कि मंगलवार को आवेदन के आलोक में पुलिस टीम मकान खाली कराने पहुंची। इसी दौरान घर में मौजूद गर्भवती महिला सहनाज खातून व उसके बच्चों के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है। पीड़िता का कहना है कि बार-बार मिन्नत करने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने मारपीट की और गाली-गलौज की। घटना के बाद महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इधर, पूरे मामले को लेकर भाजपा नेत्री रीता देवी ने भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।












