Jharkhand News: क्षेत्रीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और गुणवत्तापूर्ण मनोरंजन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए दूरदर्शन केंद्र रांची अपने दर्शकों के लिए तीन नए और विशिष्ट धारावाहिक प्रस्तुत करने जा रहा है। इन धारावाहिकों में हास्य, रहस्य–रोमांच और पारिवारिक संवेदनाओं का समृद्ध समावेश है, जो दर्शकों को मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक अनुभव भी प्रदान करेंगे। ये तीनों धारावाहिक डीडी झारखंड पर निर्धारित समयानुसार प्रसारित किए जाएंगे।
सबसे पहले, दूरदर्शन केंद्र रांची द्वारा निर्मित नया पारिवारिक हास्य धारावाहिक ‘तिकड़मबाज’ शीघ्र ही दर्शकों का मनोरंजन करने आ रहा है। यह धारावाहिक प्रत्येक शनिवार रात्रि 8 बजे प्रसारित होगा। ‘तिकड़मबाज’ समाज के विभिन्न पहलुओं को हल्के-फुल्के और मनोरंजक अंदाज़ में प्रस्तुत करते हुए दर्शकों को हँसी और आनंद का भरपूर अनुभव कराएगा।
इसकी कहानी और प्रस्तुति में स्थानीय संस्कृति और परिवेश की सशक्त झलक देखने को मिलेगी। धारावाहिक में अजय मलकानी, अभिनव आरोही, लिशा वर्मा, शंकर पाठक, मनोज सहाय, मोनिता सिन्हा, जयशंकर मिश्रा, परवेज कुरैशी, सुमन कुमारी, सलोनी तिर्की, दीपक चौधरी और कुणाल भारती जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों ने अपने प्रभावशाली अभिनय से इसे जीवंत बनाया है। इस धारावाहिक के निर्देशक पंकज कुमार, वीडियो एडिटर सुमित सिन्हा, डीओपी सुमित सचदेवा, कार्यकारी निर्माता अमित कुमार तथा निर्माता सुधीर कुमार हैं।
रोमांचक सस्पेंस–थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘अखड़ा 0 KM की होगी शुरुआत
इसके साथ ही, दूरदर्शन केंद्र रांची दर्शकों के लिए एक रोमांचक सस्पेंस–थ्रिलर वेब सीरीज़ ‘अखड़ा 0 KM’ भी प्रस्तुत करने जा रहा है, जिसका प्रसारण प्रत्येक शुक्रवार रात्रि 8 बजे किया जाएगा। यह वेब सीरीज़ रहस्यों की परतों में छिपी एक ऐसी कहानी है, जो जनजातीय समाज के अनसुने, अनदेखे और अनछुए पहलुओं को उजागर करती है। परंपरा और आधुनिकता के बीच की अनकही टकराहट को दर्शाती यह श्रृंखला न केवल मनोरंजन का माध्यम है, बल्कि संस्कृति, पहचान और संवाद की एक रोमांचक यात्रा भी है।
इसी क्रम में, दूरदर्शन केंद्र रांची एक नया पारिवारिक धारावाहिक ‘पगडंडियाँ’ भी प्रस्तुत कर रहा है। यह धारावाहिक मिट्टी की खुशबू से जुड़ी भावनाओं, पारिवारिक मूल्यों और बदलते समय की चुनौतियों को संवेदनशीलता के साथ प्रस्तुत करता है। ‘पगडंडियाँ’ दो पीढ़ियों के बीच बदलती सोच, परिस्थितियों और जरूरतों की मार्मिक कहानी है, जो दर्शाती है कि जीवन की छोटी-छोटी राहों पर चलकर ही परिवार और रिश्तों की सच्ची खुशहाली प्राप्त की जा सकती है।
नोंक-झोंक, स्मृतियों और भावनात्मक प्रसंगों के माध्यम से यह धारावाहिक समाज और परिवार में समय के साथ होने वाले परिवर्तनों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करता है, जिसका प्रसारण प्रत्येक रविवार रात्रि 8 बजे किया जाएगा। धारावाहिक में सुरजीत सिंह, ज्योति गुप्ता, मलय मिश्रा, विक्रम, चन्दा कुमारी व नैना लकड़ा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
दूरदर्शन केंद्र रांची को पूर्ण विश्वास है कि ये तीनों धारावाहिक-‘तिकड़मबाज’, ‘अखड़ा 0 KM’ और ‘पगडंडियाँ’ दर्शकों के बीच विशेष लोकप्रियता प्राप्त करेंगे और उन्हें मनोरंजन, रोमांच तथा पारिवारिक मूल्यों से जुड़ा एक समृद्ध अनुभव प्रदान करेंगे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








