Ranchi: कानून के रक्षक ही बने भक्षक
Ranchi: राजधानी रांची में रैश ड्राइविंग का मामला लगातार सामने आ रहा है। बीते दिनों दो मामला सामने आए थे, जिसमें एक युवक की मौत हो गई है, वही कई लोग घायल बताए जा रहे है। इसी बीच एक और मामला अभी डोरंडा थाना से सामने आई है। जहां एक मर्सिडीज कार सवार ने पहले एक युवक को जोरदार टक्कर मारी, फिर उसे कार के बोनट पर लटकाए हुए काफी दूर तक गाड़ी दौड़ाता रहा। इस दौरान युवक बोनट पर ही फंसा रहा और जान बचाने की जद्दोजहद करता रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मौके पर मौजूद होमगार्ड जवानों ने जब कार को रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन्हें भी कुचलने का प्रयास किया। स्थिति और गंभीर तब हो गई जब आरोपी युवक को जबरन अपने घर ले गया और वहां उसके साथ मारपीट की।
इधर सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को आरोपी के घर से मुक्त कराया। घटना के कुछ ही देर बाद पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया। मर्सिडीज कार को भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पेशे से वकील बताया जा रहा है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।












