Jamshedpur: सोशल मीडिया पर रील बनाने और मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर शुरू हुआ विवाद एक नाबालिग बच्ची की जान ले गया। पूर्वी सिंहभूम जिले के कमलपुर थाना क्षेत्र में माता-पिता पर अपनी ही 14 वर्षीय बेटी की पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में पिता रवींद्र मुर्मू और मां सुमानी को गिरफ्तार किया है।
मोबाइल और रील बनाने को लेकर हुआ था विवाद
मृतका की पहचान कनकलता मुर्मू के रूप में हुई है। वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। पुलिस के मुताबिक, 10 नवंबर को मोबाइल चलाने और रील बनाने को लेकर उसकी माता-पिता से कहासुनी हुई थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
शव खदान में फेंका, फिर रची गुमशुदगी की कहानी
घटना के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर सबूत मिटाने के लिए बच्ची का शव गांव की एक बंद पड़ी पत्थर खदान में फेंक दिया। इसके बाद उसके लापता होने की कहानी बताई। तीन दिन बाद, 13 नवंबर को खदान से बच्ची का शव बरामद हुआ।
पुलिस को शुरुआत से ही माता-पिता के व्यवहार पर संदेह था। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया जानकारी के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई। गुरुवार को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर दोनों ने कथित तौर पर अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। इस घटना ने परिवार के भीतर बच्चों के साथ व्यवहार और मोबाइल इस्तेमाल को लेकर बढ़ते विवादों पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









