डीग: राजस्थान के डीग जिले से पंचायत चुनाव का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां बृज नगर पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव के दौरान एक ही महिला ने कांग्रेस, बीजेपी और निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर तीन अलग-अलग नामांकन दाखिल किए। आखिरकार चुनावी प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीजेपी के चुनाव चिह्न वाला नामांकन मैदान में बचा और बाती गुर्जर निर्विरोध प्रधान चुन ली गईं।
यह पूरा मामला बृज नगर पंचायत समिति का है। वार्ड नंबर 14 से निर्दलीय चुनाव जीतकर आईं बाती गुर्जर ने प्रधान पद के लिए तीन नामांकन दाखिल किए। उनके नामांकन को लेकर स्थानीय राजनीति में चर्चा तेज हो गई।
तीन नामांकन और अलग-अलग पहनावे ने खींचा ध्यान
इस चुनावी घटनाक्रम की खास बात यह रही कि बाती गुर्जर तीनों बार अलग-अलग पहनावे में नामांकन दाखिल करने पहुंचीं। कांग्रेस के समर्थन से नामांकन के दौरान वह लाल साड़ी में नजर आईं। वहीं, बीजेपी के समर्थन से पर्चा दाखिल करते समय उन्होंने पीली साड़ी पहनी थी। निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल करने के दौरान वह सलवार-सूट में पहुंचीं।
दोनों दलों के नेता भी आए नजर
नामांकन प्रक्रिया के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी भी चर्चा में रही। बीजेपी के चुनाव चिह्न पर नामांकन के समय गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह उनके साथ दिखाई दिए। वहीं, कांग्रेस के समर्थन से नामांकन दाखिल करने के दौरान पूर्व विधायक वाजिब अली मौजूद रहे।
आखिर में बीजेपी के नामांकन पर निर्विरोध जीत
बाती गुर्जर ने सबसे पहले कांग्रेस, फिर बीजेपी और इसके बाद निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में नामांकन दाखिल किया था। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बीजेपी के चुनाव चिह्न वाला नामांकन मैदान में बचा रहा। इसके बाद उन्हें बृज नगर पंचायत समिति का प्रधान निर्विरोध घोषित कर दिया गया।
तीन अलग-अलग नामांकन और दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के नेताओं की मौजूदगी के कारण यह चुनावी घटनाक्रम चर्चा का विषय बन गया है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







