Ranchi: लोकसभा में परिसीमन बिल को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। केंद्र सरकार को शरद पवार की NCP (SP) और आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी की YSRCP के बाद अब तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी DMK का भी समर्थन मिल गया है। शनिवार को पार्टी की बैठक के बाद सांसद ए. राजा ने समर्थन का ऐलान किया।
हालांकि, DMK ने इसके साथ तमिलनाडु के हितों से जुड़ी मांग भी रखी है। ए. राजा के मुताबिक, पार्टी चाहती है कि राज्य की लोकसभा सीटें मौजूदा 39 से बढ़ाकर 59 की जाएं। साथ ही सीटें बढ़ने के बाद भी संसद में तमिलनाडु की हिस्सेदारी करीब 7.2 प्रतिशत बनी रहे।
तीनों दलों के समर्थन से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है। लोकसभा में DMK के 22, NCP (SP) के 8 और YSRCP के 4 सांसद हैं। इन 34 सांसदों के समर्थन से NDA की संख्या 320 से बढ़कर 354 बताई जा रही है।
बिल पारित कराने के लिए 540 सांसदों में दो-तिहाई यानी 360 वोटों की जरूरत है। इस लिहाज से सरकार को अभी छह और सांसदों के समर्थन की दरकार है।
INDIA ब्लॉक की बैठक में बनेगी आगे की रणनीति
दूसरी ओर, परिसीमन बिल पर विपक्षी दलों ने भी अपनी रणनीति तैयार करनी शुरू कर दी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर INDIA ब्लॉक की बैठक बुलाई गई है। इसमें DMK, NCP (SP), बीजू जनता दल और आम आदमी पार्टी को भी आमंत्रित किया गया है। AAP और BJD ने फिलहाल अपना रुख स्पष्ट नहीं किया है।
सुप्रिया सुले को मंत्री बनाने की चर्चा
इस बीच NCP (SP) की सांसद सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाए जाने की खबरों ने भी राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। चर्चा है कि समर्थन के बदले पार्टी को केंद्र और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री पद मिल सकते हैं। हालांकि, सुप्रिया सुले ने बिल का मसौदा देखने और पार्टी में चर्चा के बाद ही फैसला लेने की बात कही थी।
परिसीमन बिल को लेकर अब सरकार की नजर उन छह अतिरिक्त सांसदों पर है, जिनके समर्थन से दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पूरा हो सकता है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक बातचीत और तेज होने की संभावना है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








