कोडरमा: कोडरमा थाना क्षेत्र के नौवां माइल घाटी में शनिवार को सड़क हादसे में एक ऑटो चालक की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार टेलर की चपेट में आने से ऑटो चालक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया और मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
मजदूरों को छोड़कर लौट रहा था ऑटो चालक
मिली जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक तारा घाटी की ओर मजदूरों को छोड़ने के बाद ऑटो से वापस हरदिया, रजौली की ओर लौट रहा था। इसी दौरान नौवां माइल घाटी में तेज गति से आ रहे एक टेलर ने ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय ऑटो में चालक के अलावा कोई अन्य सवार नहीं था। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम
ऑटो चालक की मौत से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग उठाई। सड़क जाम होने के कारण इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई।
नौवां माइल घाटी में हुए इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में शोक और आक्रोश का माहौल है। सड़क जाम के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कंटेंट राइटर एवं रिपोर्टर, खबर मन्त्र। झारखंड के स्थानीय समाचार, महिला विकास, कला और लाइफस्टाइल खबरों की विशेष रिपोर्टिंग।







