रांची: झारखंड की फिल्म, कला और सांस्कृतिक विरासत को मंच देने के उद्देश्य से राजधानी रांची के खेलगांव में शनिवार से तीन दिवसीय अरण्यक फिल्म फेस्टिवल की शुरुआत हो रही है। झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन और राज्य सरकार की दूसरी वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित इस फिल्म महोत्सव में कुल 75 फिल्मों की स्क्रीनिंग की जाएगी। फिल्म फेस्टिवल का आयोजन खेलगांव स्थित पलाश और शौर्य ऑडिटोरियम में किया जा रहा है।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें देशभर से आए 48 फिल्मकार युवाओं के साथ संवाद करेंगे। फिल्म प्रदर्शन के साथ फिल्म निर्माण, सिनेमा की संभावनाओं और रचनात्मक अनुभवों को साझा करने का अवसर भी मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाला यह आयोजन फिल्म प्रेमियों, युवाओं और सिनेमा में रुचि रखने वालों के लिए खास आकर्षण रहने वाला है।
75 फिल्मों के जरिए दिखेगी सिनेमा की विविधता
अरण्यक फिल्म फेस्टिवल में अलग-अलग विषयों पर आधारित 75 फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान दर्शकों को विभिन्न कहानियों, रचनात्मक प्रस्तुतियों और फिल्म निर्माण की अलग-अलग शैलियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। वहीं, फिल्मकारों के साथ संवाद कार्यक्रम के जरिए युवाओं को फिल्म जगत के अनुभवों और संभावनाओं को समझने का अवसर मिलेगा।
24 जिलों की संस्कृति और उत्पादों की भी प्रदर्शनी
फिल्म फेस्टिवल के साथ खेलगांव परिसर में मेला और प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र है। यहां झारखंड के सभी 24 जिलों के स्टॉल लगाए गए हैं। एक जिला-एक उत्पाद के तहत स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प, पारंपरिक व्यंजनों और सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
राज्य स्थापना दिवस पखवाड़े के समापन समारोह के बीच अरण्यक फिल्म फेस्टिवल झारखंड में सिनेमा और रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने का एक महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आ रहा है।

विशेष संवाददाता | Khabar Mantra
विकाश कुमार झारखंड के रांची के रहने वाले और यहीं जन्मे पत्रकार एवं डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल हैं। झारखंड में लंबे समय से रहने और काम करने के कारण उन्हें राज्य के गांवों, शहरों, स्थानीय समाज, प्रशासन और जमीनी मुद्दों की गहरी समझ है।
5+ वर्षों के पत्रकारिता अनुभव के साथ उन्होंने Gandiva, Lagatar.in, News11 Digital और Prabhat Khabar Digital जैसे मीडिया संस्थानों में काम किया है। वर्तमान में Khabar Mantra Digital में Digital Media Manager-cum-Executive एवं विशेष संवाददाता के रूप में कार्यरत हैं।
वे विशेष रूप से कोयलांचल, BCCL, कोलियरियों, औद्योगिक क्षेत्रों, स्थानीय प्रशासन और जनहित के मुद्दों पर रिपोर्टिंग करते हैं।
Expertise: Journalism • Digital Media • Ground Reporting • Content & Social Media • Video Production • News Analysis







