Dhanbad News: धनबाद जिले में पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया गया है। पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से कई थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों का तबादला कर उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
जारी आदेश के अनुसार बैंक मोड़ थाना प्रभारी प्रवीण कुमार को कतरास थाना का नया प्रभारी बनाया गया है, जबकि कतरास थाना प्रभारी असित कुमार को बैंक मोड़ थाना की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं तोपचांची थाना प्रभारी अजीत भारती को निरसा थाना का प्रभारी बनाया गया है। निरसा थाना प्रभारी अनिल शर्मा को जोड़ापोखर सर्किल में पदस्थापित किया गया है।
Dhanbad News: आशुतोष कुमार को चिरकुंडा थाना का प्रभारी बनाया गया
इसके अलावा जोड़ापोखर सर्किल इंस्पेक्टर आशुतोष कुमार को चिरकुंडा थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि चिरकुंडा थाना प्रभारी रामजी राय को साइबर थाना भेजा गया है। ट्रैफिक थाना प्रभारी लव कुमार को तोपचांची थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि साइबर थाना में पदस्थापित जयप्रकाश को ट्रैफिक थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में अभियोजन कोषांग प्रभारी राजेश कुमार को सिंदरी थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि सिंदरी थाना प्रभारी संजय कुमार को कोर्ट सिक्योरिटी में पदस्थापित किया गया है। कोर्ट सिक्योरिटी में तैनात मोहम्मद रुस्तम को कतरास सर्किल भेजा गया है, वहीं कतरास सर्किल से मुकेश कुमार को अभियोजन कोषांग प्रभारी बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार इस फेरबदल का उद्देश्य जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ करना तथा पुलिस कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी बनाना है।












