Ranchi: झारखंड में मैट्रिक और इंटरमीडिएट की वर्ष 2027 की परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों के लिए राहत भरी खबर है। झारखंड एकेडमिक काउंसिल (JAC) ने परीक्षा शुल्क में की गई बढ़ोतरी वापस ले ली है। अब विद्यार्थियों को वर्ष 2025 में निर्धारित पुरानी दरों के अनुसार ही परीक्षा शुल्क देना होगा। इस फैसले से राज्य के करीब 7.50 लाख परीक्षार्थियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लगातार दो वर्षों में शुल्क में करीब 40 प्रतिशत तक की वृद्धि
दरअसल, JAC ने वर्ष 2026 में परीक्षा शुल्क में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी की थी। इसके बाद 2027 की परीक्षा के लिए भी फीस बढ़ा दी गई थी। लगातार दो वर्षों में शुल्क में करीब 40 प्रतिशत तक की वृद्धि से विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ गई थी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बढ़ी हुई फीस अतिरिक्त बोझ बन रही थी।
विद्यार्थियों की ओर से इस मुद्दे को उठाए जाने के बाद जैक ने शुल्क वृद्धि पर पुनर्विचार किया। परिषद ने पूर्व में जारी अधिसूचना वापस लेकर संशोधित दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं।
मैट्रिक और इंटर के लिए इतनी देनी होगी फीस
नई व्यवस्था के तहत मैट्रिक में अंत्योदय, एससी और एसटी वर्ग के विद्यार्थियों को 980 रुपये तथा सामान्य और ईडब्ल्यूएस वर्ग के विद्यार्थियों को 1180 रुपये परीक्षा शुल्क देना होगा। वहीं, इंटरमीडिएट में इन दोनों श्रेणियों के लिए शुल्क क्रमशः 1100 और 1400 रुपये निर्धारित किया गया है। निजी परीक्षार्थियों के शुल्क में भी संशोधन किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया जारी
मैट्रिक और इंटरमीडिएट 2027 की परीक्षा के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है। विद्यार्थी जैक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। बिना विलंब शुल्क के आवेदन दिसंबर तक जमा करना है। जैक सचिव के अनुसार, विद्यार्थियों के आग्रह को ध्यान में रखते हुए बढ़ी हुई फीस वापस लेने का निर्णय लिया गया है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.









