Ranchi: झारखंड की कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने शनिवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) 2026 में झारखंड पवेलियन और पलाश का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और वीर शहीद सिद्धो-कान्हू की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में राज्य के उद्योग मंत्री संजय प्रसाद यादव भी मौजूद रहे।
पवेलियन पहुंचने पर मुख्यमंत्री का पारंपरिक झूमर नृत्य के साथ स्वागत किया गया। उद्घाटन के बाद उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया और झारखंड के पारंपरिक हस्तशिल्प, कला-संस्कृति, स्थानीय उत्पादों तथा उद्यमिता से जुड़े प्रयासों की जानकारी ली।
‘विकास और विरासत’ थीम पर दिख रही झारखंड की पहचान
इस वर्ष IITF में झारखंड को फोकस स्टेट के रूप में शामिल किया गया है। पवेलियन की थीम ‘विकास और विरासत’ रखी गई है। इसके माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक पहचान के साथ विकास की संभावनाओं और सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड हर वर्ष इस अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। इस बार भी राज्य के विभिन्न विभाग अपनी उपलब्धियों और पहलों को प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था, महिला समूहों की भागीदारी और स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहन देना इस प्रस्तुति के प्रमुख हिस्से हैं।
महिला समूहों और स्थानीय कारीगरों को मिला मंच
झारखंड पवेलियन में महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों, ग्रामीण उद्यमिता और स्थानीय शिल्पकारों के काम को विशेष जगह दी गई है। इसका उद्देश्य राज्य के पारंपरिक उत्पादों को बड़े बाजार तक पहुंचाने और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, ग्रामीण विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, उद्योग विभाग के सचिव अरवा राजकमल, पर्यटन निदेशक नमन प्रियेश लकड़ा और उद्योग निदेशक विशाल सागर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.








