Ranchi: झारखंड के ग्रामीण इलाकों में सड़क कनेक्टिविटी मजबूत करने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। VB-G RAM G योजना के तहत राज्य के सभी 24 जिलों में कुल 12,500 किलोमीटर जीएसबी (ग्रेन्युलर सब-बेस) सड़कों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के नेतृत्व में विभाग उन ग्रामीण बसावटों को प्राथमिकता देने की तैयारी कर रहा है, जो अब तक मुख्य सड़क मार्ग से नहीं जुड़ पाई हैं।
इस योजना का मुख्य उद्देश्य सड़क सुविधा से वंचित गांवों को मौजूदा सड़क नेटवर्क से जोड़ना है। खासकर वैसे ग्रामीण इलाके, जिन्हें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत स्वीकृति नहीं मिली है, उन्हें इस पहल से लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है।
जिलेवार लक्ष्य में पूर्वी सिंहभूम को सबसे अधिक 1,400 किलोमीटर सड़क निर्माण का जिम्मा दिया गया है। पलामू में 1,100 किलोमीटर, गढ़वा में 1,000 किलोमीटर, चतरा में 850 किलोमीटर और लातेहार में 800 किलोमीटर सड़क बनाने का लक्ष्य है। रांची और पाकुड़ में 300-300 किलोमीटर सड़क निर्माण प्रस्तावित है।
किसानों और ग्रामीण परिवारों को मिलेगा फायदा
मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि गांवों को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। सड़क संपर्क बेहतर होने से किसानों को सब्जियां, फल, लघु वनोपज और दूसरी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे परिवहन लागत और समय कम होगा तथा ग्रामीण परिवारों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर खुलेंगे।
उन्होंने अधिकारियों को सड़क निर्माण में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। सरकार का जोर ऐसी सड़कों के निर्माण पर है, जो लंबे समय तक टिकाऊ रहें और ग्रामीण आबादी को आवागमन की बेहतर सुविधा दे सकें।
इस पहल से दूरस्थ गांवों को शिक्षा, स्वास्थ्य, बाजार और रोजगार जैसी जरूरी सुविधाओं से जोड़ने की उम्मीद है। हालांकि, योजना का वास्तविक लाभ निर्माण कार्य की गति और गुणवत्ता पर निर्भर करेगा।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







