Jharkhand News: 14 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
Jharkhand News: पूर्व मध्य रेल हाजीपुर के धनबाद मंडल अंतर्गत आरपीएफ पोस्ट धनबाद ने “ऑपरेशन सतर्क” के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 14 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई 19-20 मार्च 2026 की रात धनबाद रेलवे स्टेशन पर की गई।
आरपीएफ व सीआईबी की संयुक्त टीम प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर गश्त कर रही थी, तभी दो युवक हरे रंग के ट्रॉली बैग के साथ संदिग्ध हालत में दिखे। शक होने पर टीम ने उनका पीछा किया। दोनों युवक गंगा दामोदर एक्सप्रेस के सामान्य कोच में चढ़ गए, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
जांच के दौरान बैग से 14 बोतल रॉयल स्टैग व्हिस्की (कुल 10,500 एमएल) बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 11,200 रुपये बताई गई है। सभी बोतलों पर “फॉर सेल इन वेस्ट बंगाल ओनली” लिखा था। आरोपियों के पास कोई वैध कागजात नहीं मिला।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पश्चिम बंगाल से शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दाम पर बेचते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मन्नु कुमार (पटना) और अरनवदीप (धनबाद) के रूप में हुई है। दोनों को उत्पाद विभाग को सौंप दिया गया है।












