Ranchi Breaking : राजधानी रांची से एक दर्दनाक खबर निकलकर सामने आ रही है। रातू थाना क्षेत्र के हाजी चौक पर ड्यूटी के लिए निकली महिला कांस्टेबल की सड़क हादसे में जान चली गई। मृतक की पहचान रंजीता एक्का के रुप में हुई है। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
Ranchi Breaking : स्कूटी से ड्यूटी जा रही थी महिला
बताया जा रहा है कि वह स्कूटी से जा रही थीं, तभी अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया और मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और पुलिस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन गंभीर सिर की चोटों के कारण डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके।
रंजीता एक्का मूल रूप से सिमडेगा जिला पुलिस बल में तैनात थीं और फिलहाल हाईकोर्ट में ड्यूटी कर रही थीं। विडंबना यह है कि उनके पति, जो स्वयं पुलिस में थे, की मौत भी पहले एक सड़क दुर्घटना में ही हो चुकी थी। पति के निधन के बाद रंजीता को अनुकंपा के आधार पर नौकरी मिली थी।
अब इस हादसे ने परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया है। पूरे इलाके में शोक और संवेदना का माहौल है।













