Ranchi: रांची जिले में अफीम की अवैध खेती पर लगाम लगाने के लिए रांची जिला प्रशासन ने बड़ा अभियान शुरू किया है। ग्रामीण इलाकों में जागरूकता बढ़ाने और लोगों को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराने के उद्देश्य से आठ जागरूकता वाहनों को रवाना किया गया। मोरहाबादी मैदान में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री और वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इन वाहनों को रवाना किया।
ये वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को अफीम की अवैध खेती से होने वाले नुकसान और इससे जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। रांची प्रशासन की ओर से लोगों से अपील की जाएगी कि अधिक कमाई के लालच में अफीम की खेती न करें और न ही इसके लिए अपनी जमीन किसी को लीज या पट्टे पर दें।
खेती करने पर हो सकती है उम्रकैद
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अफीम की खेती करना या इसके लिए जमीन उपलब्ध कराना एनडीपीएस एक्ट के तहत दंडनीय अपराध है। इसमें अपराध की प्रकृति और लागू कानूनी प्रावधानों के अनुसार 20 साल तक की सजा अथवा आजीवन कारावास और जुर्माने का प्रावधान हो सकता है।
Read More- हजारीबाग में शादी के रश्मों के बीच चली गोली-एक की मौत और दूसरा गंभीर
अभियान के दौरान लोगों को अवैध खेती की सूचना पुलिस को देने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई है।
जमीन और जल स्रोतों पर भी पड़ता है असर
प्रशासन के अनुसार, अफीम की अवैध खेती से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होने के साथ तालाब, नदी और कुओं के प्रदूषित होने का खतरा रहता है। वहीं, नशे का सेवन युवाओं के स्वास्थ्य और सामाजिक जीवन पर गंभीर असर डालता है।
Read More- कोडरमा में स्कॉर्पियो और बाइक में भीषण टक्कर, युवक की दर्दनाक मौत-धनतेरस पर जिद कर खरीदी थी बुलेट
अभियान के तहत अवैध खेती और कारोबार में शामिल लोगों की निगरानी, उपकरणों की जब्ती तथा अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
इस मौके पर ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पांडेय और डीएसपी मुख्यालय-1 अमर पांडेय समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का लक्ष्य ग्रामीणों की भागीदारी से अफीम की अवैध खेती पर प्रभावी रोक लगाना है।

4 years of experience in journalism. Previously, I worked with organizations such as Swadesh Today, News 11 Bharat, and News 22 Scope. For the past year, I have been working as a content writer at Khabar Mantra.







